turnoutCulture

Kavita / Poem · हिंदी, उर्दू

ख़्याल

Device voice

Listening unavailable on this device

ख़्याल . . कभी-कभी अँधेरी रातों में सितारों की रोशनी में जब शब और सुबह के बीच मेरे तसव्वुर की उधेड़-बुन में मुझको आते हैं ख़्याल तो अपने को आलिम समझकर कवायदों का ज़ालिम समझकर इल्म की ख़ातिर ख़्याल मेरे चढ़ जाते हैं बहर की रस्सी को फाँसी बना कर।

तड़पते रहते हैं सारी रात, जिन ख़्यालों में जलती है आग, जो बन सकते हैं दरिया किसी का, जो बन सकते हैं तिनका किसी का, जिनकी रातें उजाड़ कर सवेरा हुआ है वो एक ख़्याल मेरे मन में ठहरा हुआ है। चीखते रहते हैं हर सुबह मन में मेरे कि उतर जाएँ सफ़्हों पर ताकि उनकी रातें न हों बेचैन मेरी तरह, और फिर उतर पाएँ लोगों की ज़बान पर, ज़हन में, दिलों में और आखिरकार फ़ितरतों में क्योंकि आखिरकार कला और सुख़नवरी ही बचाएगी इस दुनिया को पामाली से।

सोचता हूँ कि है क्या मन्ज़िल भी कुछ इन ख़्यालों की या मर जाएँगे मेरे अंदर रह कर ही ये सब एक दिन। क्या मेरा ज़ेहन कब्रिस्तान है उन ख़्यालों का जो कभी नहीं ढूँढ पाए अपना अगला मिसरा, जिन्हें मयस्सर न हुआ क़ाफ़िया, जो नहीं आ पाए बहर में कभी, जो कवायदों की उलझन में रद्द कर दिए गए। क्या इन ख़्यालों की मंज़िल नहीं कोई अब? नहीं बन सकता क्या इनके मायने से एक और ख़्याल पर फिर इसमें नया क्या है, पुराने ख़्यालों की लाशों से नए वाहीमा की पैदाइश करना जैसे हम खुद भी हैं ख़्याल किसी का, जैसे किसी के जाने पर किसी के आने पर किसी से रूठने पर किसी के मनाने पर पैदा होते हैं हम फिर से, एक बार, हर बार।

तो क्या मन्ज़िल नहीं मेरी या ये भी सिर्फ़ एक ख़्याल है और ये सब सोचते-सोचते ख़्यालों के इस भँवर में, भटक जाता हूँ मैं तो नहीं लिख पाता हूँ कुछ, और कभी-कभी लिख देता हूँ सफ़्हों पर फिर वही बवंडर जिसमें कहीं फँसा हूँ मैं, और अब आप भी। ~ शिवम गुप्ता©

— Shivam Gupta